जब युवराज ने बढ़ाया सांसद बलूनी का मनोबल
नई दिल्ली: इन दिनों कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी अपना इलाज करा रहे हैं। हालांकि अनिल बलूनी की बीमारी शुरुआत में ही पकड़ में आ गई और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। इस बीच क्रिकेटर युवराज सिंह सांसद अनिल बलूनी से मिले और उनका मनोबल बढ़ाया।
मुंबई में इलाज करा रहे अनिल बलूनी को युवराज ने कहा कि हम कैंसर से लड़ेंगे और उसे मात देंगे। आपको बता दें कि क्रिकेटर युवराज सिंह भी कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से उबरे हैं और उन्होंने इलाज के बाद दोबारा मैदान में वापसी की।
अनिल बलूनी से मुलाकात की तस्वीरें युवराज सिंह ने अपने सोशल एकाउंट पर शेयर की हैं। क्रिकेटर युवराज सिंह अब अपनी संस्था ‘यूवीकैन’ के जरिए कैंसर पेशेंट्स के लिए काम कर रहे हैं। क्रिकेटर युवराज सिंह ने सांसद अनिल बलूनी से भेंट की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि वो अनिल बलूनी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं, ताकि वो राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने सांसद बलूनी से अपनी बीमारी के समय के अनुभव भी शेयर किए, और उनका हौसला बढ़ाया।