उत्तराखंड: चीन और नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, 24 घंटे पल-पल की गतिविधियों पर नजर रख रहे भारतीय जवान
पिथौरागढ़:भारतीय क्षेत्र को अपना बताकर उसे नेपाली नक्शे में शामिल करने के बाद भारत ने नेपाल और चीन सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। बॉर्डर पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी सीमा पर होने वाली हर गतिविधि की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। भारत के तमाम विरोध के बावजूद नेपाल ने कालापानी, लिपुलेख और लिंपियाधुरा को अपने नक्शे में शामिल किया है। नेपाल के राष्ट्रपति द्वारा नेपाल के नक्शे में हस्ताक्षर के बाद भारत ने नेपाल के साथ ही चीन सीमा पर कड़ी चौकसी कर दी है।
नेपाल सीमा की सुरक्षा का जिम्मा एसएसबी के पास है जहां चप्पे-चप्पे पर एसएसबी ने अपने जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय झूला पुलों की निगरानी के साथ ही महाकाली नदी के किनारे भी गश्त बढ़ा दी हे। उधर, चीन की ओर से की गई गतिविधियों के बाद चीन सीमा में आईटीबीपी के अलावा सेना के जवानों की तैनाती भी कर दी गई है। सुरक्षा बलों के अधिकारी सीमा पर होने वाली हर गतिविधि की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। चीन के द्वारा कुछ समय पूर्व लिपुपास में बने भारतीय टिन शेडों को हटाने को लेकर विवादित बैनर बॉर्डर के समीप लहराए थे। उसके बाद से नाभीढांग से लिपुपास तक भारतीय सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से लिपुपास तक 24 घंटे गश्त कर रहे हैं।