पालिकाध्यक्ष से वार्ता के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म

0

पालिकाध्यक्ष से वार्ता के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म

किच्छा: चार घंटे की वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई। पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली और देवभूमि सफाई कर्मचारी यूनियन प्रदेश कोषाध्यक्ष कल्लू चरन के बीच हुई वार्ता में एक माह के लिखित आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर लौट आए।

14 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। जिससे नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। शनिवार को सुबह से ही नगरपालिका अध्यक्ष दर्शन कोली सफाई कर्मचारियों के मनाने में जुट गए थे। लंबी वार्ता के बाद नगर पालिका अध्यक्ष के आश्वासन पर कर्मचारियों के तेवर ढीले पढ़ गए और उन्होंने अपनी सहमति दे दी। नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली का लिखित आश्वासन का पत्र प्रदेश कोषाध्यक्ष कल्लू चरन को मिला तो कर्मचारी काम पर वापस लौट आए। इस दौरान सफाई निरीक्षक विजयंत चैधरी, ताहिर मलिक, जीवन किशोर सक्सेना, प्रमोद पंत सहित कैलाश वाल्मीकि, नितिन चरन, शाऊल दास, विनोद कुमार, मुकेश कुमार, राजेश वाल्मीकि, सचिन चरन, चंद्रपाल, सूरज, अरुण कुमार आदि मौजूद थे।

वहीं, दूसरी ओर नगर निगम क्षेत्र में बीते पांच दिनों से सफाई व्यवस्था बेपटरी हो गई है। पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार के चलते सभी 40 वार्ड में कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि लोग नगर निगम पहुंचकर व फोन पर कूड़ा नहीं उठने की शिकायत दर्ज करा रहे हैं। जबकि नगर निगम के पास कूड़ा उठाने का कोई विकल्प नहीं दिख रहा है। विभिन्न पांच मांगों के लिए पर्यावरण मित्रों की हड़ताल खत्म नहीं हो पा रही है। दो बार वार्ता विफल होने के बाद नगर निगम भी लाचार की स्थिति में नजर आ रहा है। जबकि पर्यावरण मित्र धरना प्रदर्शन व नारेबाजी के साथ मौके पर डटे हुए हैं। भीषण ठंड के बाद भी पर्यावरण मित्रों के उत्साह में कोई कमी नहीं नजर आ रही है। देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील रौतकी ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पर्यावरण मित्रों को अब आश्वासन नहीं चाहिए। मांगों की पूर्ति जमीनी स्तर पर की जाए। सफाई कर्मचारी संघ के राजीव खैरालिया ने बताया कि कूड़ा कलेक्शन एजेंसी पर भी दबाव बनाने की कोशिश की गई। लेकिन कर्मचारियों के आंदोलन के आगे निगम के सभी दांव फेल नजर आ रहे हैं। वहीं धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के लिए दोपहर के खाने की व्यवस्था भी मौके पर की जा रही है। धरना स्थल पर मुकेश राजौरिया, राजू पहलवान, सुरेश मुल्तानी, मुकेश कुमार, विक्की आदि मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.