उत्तराखंड विधानसभा में 2 ऐतिहासिक विधेयक पारित, धामी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि

0

उत्तराखंड विधानसभा में 2 ऐतिहासिक विधेयक पारित, धामी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि

देहरादून, 30 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड में विधानसभा अनुपूरक बजट सत्र के दूसरे दिन बुधवार को दो महत्वपूर्ण विधेयक विधानसभा में ध्वनिमत से पारित हो गए। उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक 2022 के पास होने के बाद प्रदेश में धर्मातरण को लेकर कठोर कानून बन गया है। इसके अलावा उत्तराखंड लोकसेवा (महिलाओं के क्षैतिज आरक्षण) विधेयक 2022 से प्रदेश में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था एकबार फिर से लागू हो जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। कुछ दिन पहले राज्य सरकार ने इन दोनों विधेयकों को कैबिनेट से मंजूरी दी थी। बुधवार को विधानसभा में इन विधेयकों के पास होने से प्रदेश में इसे लागू करने की जल्द अधिसूचना जारी हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां पर धर्मातरण जैसी चीजें हमारे लिए बहुत घातक है, इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया था कि प्रदेश में धर्मातरण पर रोक के लिए कठोर से कठोर कानून बने। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि इस कानून को पूरी दृढ़ता से प्रदेश में लागू किया जाएगा। वहीं उत्तराखंड में महिलाओं के क्षैतिज आरक्षण विधेयक को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड निर्माण में मातृशक्ति का बहुत बड़ा योगदान है और सरकार ने यह पहले ही तय किया था कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस प्रदेश में मातृशक्ति का सम्मान करते हुए उन्हें इस क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिले। महिलाओं के लिए राज्याधीन सेवाओं में क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था देने करने यह अधिनियम मातृशक्ति को समर्पित है।

–आईएएनएस

स्मिता/एसजीके

Leave A Reply

Your email address will not be published.