लालू ने 15 साल बिहार को लूटा, नीतीश ने 18 साल में बिहार को बर्बाद किया: सम्राट

0


पटना, 20 मई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यासमिति की एक बैठक शनिवार को पटना में हुई। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में एक-एक कार्यकर्ता को जहां बूथ तक यानी निचले स्तर जाने की अपील की वहीं लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की भी तारीफ की।

चौधरी ने कहा कि आज पहली कार्यसमिति की बैठक मेरे कार्यकाल में हो रही है। उन्होंने कहा कि राजद ने बिहार में 15 साल शासन किया और उसके बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने 15 साल बिहार को लूटा और उसके बाद नीतीश कुमार 18 साल से बिहार को बर्बाद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस कार्यसमिति की बैठक में जहां राज्यस्तर से लेकर बूथस्तर तक संगठन के विस्तार पर चर्चा की जानी है, वहीं राष्ट्रीय मुद्दे और राज्यस्तरीय मुद्दे पर भी चर्चा होनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सभी के कल्याण के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा कि गरीबों को घर दिए गए तो बैंक खाते खोले गए। जिन घरों में पानी नहीं पहुंचा था, वहां पेयजल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान की बात की गई।

चौधरी ने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार जहां लोगों को रोजगार दे रही है, वहीं बिहार में नौकरी कागजों पर दौड रही है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र से बिहार को राशि नहीं मिले तो राज्य सरकार को कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे पाए।

उन्होंने कहा कि आज तक किसी ने नहीं सुना कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री की तरह केंद्र सरकार के पास किसी योजना की मांग या उसके लिए राशि मांगने गए हों।

उन्होंने आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के कई दल आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि लालू प्रसाद के शासनकाल में क्या वे किसी को आरक्षण दिए थे जबकि भाजपा ने सभी लोगों को आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि बीपी सिंह देश में मंडल कमीशन लाए। मोदी सरकार ने सामान्य वर्गो के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। भाजपा सबका साथ सबका विकास किया।

उन्होंने कहा कि अब भारत को सोने की चिडिया नहीं सोने का शेर बनाने का काम करना है, जो कहीं भी जाकर दहाड़ सके।

इससे पहले एकदिवसीय कार्यसमिति की बैठक दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस समिति की बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे सहित कई वरिष्ठ नेता, कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम

Leave A Reply

Your email address will not be published.